पिरान कलियर में बढ़ती अवैध गतिविधियों के खिलाफ जिला प्रेस क्लब ने उठाई आवाज, एसपी देहात को सौंपा ज्ञापन
सट्टा, नशा कारोबार और कुछ होटलों में अनैतिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
- By गुलज़ार अहमद --
- Saturday, 18 Jul, 2026
Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- पिरान कलियर (हरिद्वार)। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पिरान कलियर में कथित रूप से बढ़ रही अवैध गतिविधियों, सट्टा खाईबाड़ी, नशे के कारोबार तथा कुछ होटलों एवं गेस्ट हाउसों में संचालित अनैतिक गतिविधियों के विरोध में जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने एसपी देहात रुड़की को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सुराज सेवादल के प्रदेश सचिव मोहम्मद इंतजार, सुराज सेवादल उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष तथा पिरान कलियर कार्यकारिणी अध्यक्ष मनव्वर कुरैशी सहित जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि पिरान कलियर देश-विदेश के लाखों जायरीन और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे धार्मिक स्थल पर यदि अवैध सट्टा, नशे का कारोबार तथा कुछ होटलों एवं गेस्ट हाउसों में अनैतिक गतिविधियों जैसी शिकायतें सामने आती हैं, तो इससे क्षेत्र की धार्मिक गरिमा और सामाजिक छवि प्रभावित होती है तथा कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि सबसे अधिक चिंता युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर है। यदि समय रहते इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाली पीढ़ी गंभीर सामाजिक और मानसिक समस्याओं का सामना करेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, अवैध सट्टा कारोबार पर कठोर कार्रवाई करने तथा संदिग्ध होटलों एवं गेस्ट हाउसों की नियमित जांच कराने की मांग की।
जिला प्रेस क्लब के महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही क्षेत्र को अपराध और नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त कराया जा सकता है। उन्होंने धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखने के लिए कानून का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि थाना क्षेत्र में संचालित सभी अवैध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों का नियमित सत्यापन कराया जाए तथा नियमों के अनुपालन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष मनव्वर कुरैशी ने आशा व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि पिरान कलियर की धार्मिक एवं सामाजिक पहचान सुरक्षित रह सके।
वहीं, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद आश्वासन दिया कि जिला प्रेस क्लब द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति अवैध या अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





