पीआईटी-एनडीपीएस कार्रवाई के बाद कुख्यात नशा तस्कर सलमान पुलिस के शिकंजे में, लंबे समय से था फरार
गैंगस्टर, एनडीपीएस समेत 11 गंभीर मुकदमों का आरोपी, लगातार बदल रहा था ठिकाने
- By गुलज़ार अहमद --
- Friday, 10 Jul, 2026
Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- मंगलौर, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई का सामना कर रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं नशा तस्कर सलमान पुत्र जहांगीर, निवासी ग्राम पीरपुरा, कोतवाली मंगलौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद्रावल के निर्देशन में सलमान के विरुद्ध पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी। रिपोर्ट प्रेषित होने के बाद से ही पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस को लगातार चकमा देकर फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी प्रभारी निरीक्षक रवींद्र शाह एवं कोतवाली मंगलौर प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीआईयू रुड़की के सहयोग से आरोपी के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर लगातार दबिश दी।
9 जुलाई को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सलमान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सलमान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, बीएनएस तथा अन्य गंभीर धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद वह लगातार अवैध नशे के कारोबार में सक्रिय था और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रहा था।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समाज को नशे से बचाने के लिए ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे:
इस सफल अभियान का नेतृत्व एसओजी/सीआईयू रुड़की के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र शाह एवं कोतवाली मंगलौर के प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर ने किया। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक वाजिंदर सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक अश्विनी यादव (सीआईयू रुड़की), हेड कांस्टेबल सुदेश, हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी (सीआईयू रुड़की), कांस्टेबल रणवीर, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल आशीष (सीआईयू रुड़की), कांस्टेबल अजय काला (सीआईयू रुड़की), कांस्टेबल रवींद्र खत्री (सीआईयू रुड़की) तथा कांस्टेबल राहुल नेगी (सीआईयू रुड़की) शामिल रहे।





