शहरी विकास विभाग ने रामपुर व कलियर नगर पंचायत में नामित किए सभासद, मोहम्मद अखलाक और मुरसलीन उर्फ बाबा भाई ने विकास का लिया संकल्प
रामपुर नगर पंचायत से मोहम्मद अखलाक और कलियर नगर पंचायत से मुरसलीन उर्फ बाबा भाई को मिला नामांकन, जनसमस्याओं के समाधान, स्वच्छता और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को बताया प्राथमिकता।
- By गुलज़ार अहमद --
- Friday, 24 Jul, 2026
Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- रुड़की। उत्तराखंड शहरी विकास विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में नामित सदस्यों की घोषणा कर दी गई है। इसी क्रम में जनपद हरिद्वार की नवगठित नगर पंचायत रामपुर में चार सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें सक्रिय समाजसेवी मोहम्मद अखलाक को भी सदस्य (सभासद) के रूप में नामित किया गया है। उनके साथ तीन अन्य सदस्यों को भी नामांकन मिला है। इस घोषणा से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
मोहम्मद अखलाक ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "सबका साथ, सबका विकास" की भावना के अनुरूप मिली इस जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत रामपुर की जनता की समस्याओं के समाधान, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
मोहम्मद अखलाक के नामित होने पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पिरान कलियर विधानसभा से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी मनीष सैनी ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि मोहम्मद अखलाक जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
वहीं, नगर पंचायत कलियर से मुरसलीन उर्फ बाबा भाई को भी सभासद के रूप में नामित किया गया है। उनके नामांकन पर समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वह क्षेत्र के विकास, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देंगे।





