Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- पिरान कलियर। बेड़पुर चौक भगवानपुर हरिद्वार बाईपास पर तीन बड़े निर्माण कार्य के बिना अनुमति के किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ये सभी निर्माण कार्य महज दो माह के भीतर पूरे कर लिए गए।
आरोप है कि इन निर्माण कार्यों के संबंध में बार-बार HRDA (हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण) को अवगत कराया गया, बावजूद इसके कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत के बाद HRDA की टीम मौके पर पहुंची भी कई बार पहुंची लेकिन आरोप है कि निरीक्षण के बावजूद निर्माण कार्यों को रोकने अथवा संबंधित लोगों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और HRDA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और मौके पर निरीक्षण के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से विभागीय कार्रवाई की गंभीरता पर संदेह पैदा होता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि उक्त निर्माण कार्यों की अनुमति, नक्शे और अन्य अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण बिना अनुमति के पाए जाते हैं तो नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न किए जाने के कारणों की भी जांच की जानी चाहिए।