Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)-पिरान कलियर/हरिद्वार। विश्व प्रसिद्ध सूफी संत हज़रत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक की दरगाह पिरान कलियर देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इन दिनों क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध सट्टा खाईबाड़ी के कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि ऐसी गतिविधियां जारी रहीं तो इससे धार्मिक नगरी की पवित्र छवि और सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र के कई स्थानों पर कथित रूप से अवैध सट्टा खाईबाड़ी का कारोबार संचालित हो रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में धकेल रही हैं, अपराध को बढ़ावा दे रही हैं और धार्मिक स्थल की गरिमा को भी प्रभावित कर रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मुद्दे पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार (रजि.) ने भी चिंता व्यक्त की है। क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पिरान कलियर की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिला प्रेस क्लब शीघ्र ही संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध सट्टा कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा।
प्रेस क्लब ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अवैध गतिविधियां संचालित होना पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि धार्मिक स्थल की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था अक्षुण्ण बनी रहे।
स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि प्रशासन, पुलिस और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है तथा पिरान कलियर की पहचान एक शांत, पवित्र और आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में कायम रखी जा सकती है।
बताया गया है कि इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी को भी ज्ञापन देकर क्षेत्र में कथित अवैध सट्टा खाईबाड़ी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।