Global Star News
(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- पिरान कलियर। थाना पिरान कलियर क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ थाना पिरान कलियर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल किशोर का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मंगलवार रात किशोर इमाम साहब रोड स्थित निर्माणाधीन पार्क के पास कांवड़ पटरी मार्ग से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया। दोनों युवकों ने अपने चेहरे नकाब से ढके हुए थे।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर कमर के पीछे चाकू से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाना पिरान कलियर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घायल को चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर, मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।