प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

हज-2027 की तैयारियों में जुटी उत्तराखंड राज्य हज समिति, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर मुंबई में रखे महत्वपूर्ण प्रस्ताव

हाजियों की सुविधाओं को लेकर उड़ानों की संख्या बढ़ाने और यात्रा व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने की मांग, हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सकारात्मक विचार का दिया भरोसा।

By गुलज़ार अहमद | Tuesday, 23 Jun 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

Global Star News 

(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- पिरान कलियर। हज-2027 के लिए उत्तराखंड राज्य हज समिति ने अभी से तैयारियों का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के हज यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने मुंबई स्थित हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शहनवाज सी से मुलाकात कर कई अहम सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक के दौरान खतीब अहमद ने उत्तराखंड से हज यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उड़ानों की संख्या और संचालन व्यवस्था में सुधार संबंधी प्रस्ताव रखे। उन्होंने सुझाव दिया कि पूर्व वर्षों की भांति उत्तराखंड के हाजियों के लिए मदीना मुनव्वरा और मक्का मुकर्रमा जाने वाली तीन से चार उड़ानों का संचालन एक साथ किया जाए, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान कम परेशानी का सामना करना पड़े।

इसके अलावा उन्होंने विशेष परिस्थितियों में यात्रियों की मांग और सुविधा के अनुसार अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि सभी उड़ानों का संचालन सीमित समयावधि में पूरा किया जाए, जिससे यात्रियों को लंबे इंतजार और अनावश्यक असुविधा से राहत मिल सके।

खतीब अहमद ने कहा कि उत्तराखंड के हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए समिति लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर पहल जारी रहेगी।

उत्तराखंड राज्य हज समिति से जुड़े मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हज-2027 को लेकर समिति पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आरामदायक हज यात्रा उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता है।

वहीं हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शहनवाज सी ने उत्तराखंड हज समिति द्वारा रखे गए सुझावों की सराहना करते हुए उन पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि हज यात्रियों की सुविधाओं में सुधार के लिए प्राप्त सुझावों को गंभीरता से देखा जाएगा।

★ ★ ★