प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

डंढेरा में बैग व्यापारी पर कथित जानलेवा हमला, शटर बंद कर बचाई जान

पुरानी रंजिश में दुकान में घुसकर मारपीट का आरोप; चार लोगों के खिलाफ तहरीर, पुलिस जांच में जुटी

By Gulzar Ahmad | Monday, 22 Jun 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

Global Star News 

(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- रुड़की। डंढेरा क्षेत्र में स्थित एक बैग व्यापारी की दुकान पर पुरानी रंजिश के चलते कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने चार लोगों पर दुकान में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीरपुरा निवासी समीर पुत्र तहसीन डंढेरा में बैग की दुकान संचालित करते हैं। समीर का आरोप है कि रविवार को शाहिद पुत्र ताहिर, राशिद पुत्र ताहिर निवासी पीरपुरा तथा उनके साथ आए दो अन्य अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद चारों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

पीड़ित का कहना है कि हमलावर बेहद आक्रामक थे और स्थिति गंभीर होती देख उन्होंने किसी तरह दुकान का शटर बंद कर अपनी जान बचाई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

एसपी देहात और सिविल लाइन कोतवाली में दी शिकायत

घटना के बाद समीर ने मामले की लिखित शिकायत एसपी देहात रुड़की तथा कोतवाली सिविल लाइन में देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना घट सकती है।

पुलिस बोली— जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।

★ ★ ★