प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20.40 ग्राम स्मैक, ₹25 हजार नकद और मोटरसाइकिल बरामद; आरोपी मोइन को भेजा जेल।

मंगलौर पुलिस ने 20.40 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, ₹25 हजार नकद बरामद

By गुलज़ार अहमद | Monday, 22 Jun 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

Global Star News 

(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)- मंगलौर। उत्तराखंड पुलिस के "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम पीरपुरा निवासी मोइन को 20.40 ग्राम अवैध स्मैक और ₹25,000 की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर ने बताया कि उपनिरीक्षक मंसूर अली अपनी पुलिस टीम के साथ लंढौरा चौकी क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नगला इमरती फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर चमन लाल डिग्री कॉलेज जाने वाले कच्चे मार्ग के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया।

पुलिस को देखकर युवक मोटरसाइकिल स्टार्ट कर मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 20.40 ग्राम अवैध स्मैक तथा ₹25,000 नकद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोइन निवासी ग्राम पीरपुरा बताया। उसने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और खर्च चलाने के लिए स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। बरामद नकदी स्मैक की बिक्री से प्राप्त रकम है। आरोपी ने यह भी बताया कि वह दोबारा माल खरीदने के लिए बिजनौर जाने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी बिजनौर में किस व्यक्ति से स्मैक खरीदता था तथा उसके अन्य संपर्क कौन-कौन हैं।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

★ ★ ★