प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत विश्व रक्तदाता दिवस के क्रम में एनसीसी कैडेट्स और अधिकारियों ने किया रक्तदान

रुड़की में आयोजित विशाल शिविर में अधिकारियों, कैडेट्स और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।

By गुलज़ार अहमद | Tuesday, 16 Jun 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

रुड़की। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में कैसल व्यू होटल, रामनगर, रुड़की में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनसीसी कैडेट्स एवं रुड़की शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। समाचार लिखे जाने तक कुल 88 यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका था तथा रक्तदान का क्रम जारी था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल जगदीश अलमिया, कमान अधिकारी, 84 उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी ने कैडेट्स को रक्तदान के महत्व एवं इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्तदान से किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है, हृदय रोगों का खतरा कम होता है, नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण को बढ़ावा मिलता है तथा कैलोरी भी बर्न होती है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्तदान से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि आगामी समय में डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के बढ़ने पर रक्त की आवश्यकता और अधिक बढ़ सकती है।

होटल कैसल व्यू के डायरेक्टर प्रणय प्रताप सिंह ने बताया कि रक्तदान से शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है, जिससे हृदय रोगों का जोखिम कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि एक बार रक्तदान करने से लगभग 650 कैलोरी तक बर्न हो सकती है, क्योंकि शरीर नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण में ऊर्जा खर्च करता है। इसके अतिरिक्त रक्तदान के दौरान स्वास्थ्य जांच के माध्यम से गंभीर बीमारियों की पहचान भी संभव हो पाती है।

शिविर में कैडेट्स का उत्साहवर्धन करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल ने युवाओं को प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सीओ सिटी ओशिन जोशी ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।

रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में रुड़की ब्लड सेंटर के संचालक अखिल सैनी एवं उनकी टीम, समाजसेवी संस्था हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम तथा वाहिनी के प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर रक्तदान शिविर के नोडल अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) नवीन कुमार, सह-नोडल अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ.) अपर्णा शर्मा, कैप्टन सुशील कुमार आर्य, सेकंड ऑफिसर अनुज कुमार, सूबेदार मेजर अमर सिंह, एक्स बीएचएम सतेंद्र सिंह, नायक अभिषेक चौधरी, केयरटेकर वंदना चौहान, प्रियंका प्रजापति एवं अर्चना देवी त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रक्तदान करने वालों में मोहन शर्मा, एसयूओ रजत रावत, कशिश चौहान, ख्वाहिश सिंह आर्या, ऋचा तोमर एवं नवाजिश सहित अनेक कैडेट्स और नागरिकों ने भाग लिया।

★ ★ ★