प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस की झोटा-बुग्गी यात्रा

महंगाई और नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, झोटा-बुग्गी यात्रा निकालकर जताया विरोध

By गुलज़ार अहमद | Tuesday, 26 May 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

Global Star News 

(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद)-रुड़की। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में रविवार को रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मछली बाजार से शहीद चंद्रशेखर चौक तक “झोटा-बुग्गी यात्रा” निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महानगर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, ज्वालापुर विधायक Ravi Bahadur, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोज, रुड़की ग्रामीण जिला अध्यक्ष सचिन चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने झोटा-बुग्गी यात्रा के माध्यम से सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन बेहद कठिन हो गया है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों की ओर ध्यान देने के बजाय बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों पर सवाल उठाए। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोज ने कहा कि लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

यात्रा के दौरान बैलगाड़ी और झोटा-बुग्गी के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी आधुनिक साधनों का उपयोग करने में असमर्थ होता जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ जुटी रही, जिससे कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे।

इस अवसर पर प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, डॉ. हरविंदर सिंह, पूर्व अध्यक्ष कलीम खान, वैभव सैनी, मुल्की राज सैनी, जतिन हांडा, रूप चौधरी, ईशा त्यागी, आदेश सैनी, राजकुमार सैनी, श्रवण गोस्वामी, उम्मीद गाजी, सुशील कश्यप, राव बिलाल, एडवोकेट गुलफान खान, कामिल माही, मोइन खान, सदाकत सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

★ ★ ★