प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 78 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

युवाओं को नशे से बचाने के लिए हरिद्वार पुलिस का अभियान जारी

By Gulzar Ahmad | Wednesday, 13 May 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

(रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद )-रुड़की/हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलौर कोतवाली पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवार एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 78 लाख रुपये आंकी गई है। 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसीन उर्फ तोता निवासी लादपुर कला, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक के जरिए स्मैक की सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वह दबोच लिया गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। 

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हसीन उर्फ तोता पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित चल रहा था तथा उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। 

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। 

★ ★ ★