प्रिंट करें
Global Star News
Global Star News

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस का बड़ा एक्शन, बेडपुर मारपीट कांड में 21 पर मुकदमा, एक आरोपी गिरफ्तार

बकरी को कुत्ते द्वारा काटने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई लोग गंभीर घायल; पुलिस कार्रवाई से बलवाइयों में मचा हड़कंप

By गुलज़ार अहमद | Saturday, 09 May 2026 Global Star News
Global Star News
Global Star News

रिपोर्ट: गुलज़ार अहमद 

पिरान कलियर। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने बेड़पुर गांव में हुए बलवा और मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

बताया गया है कि गांव में बकरी को कुत्ते द्वारा काटने की घटना को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ दूसरे पक्ष की डेरी में घुसकर जमकर मारपीट की। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस द्वारा उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हाई सेंटर रेफर किया गया।

डेरी में घुसकर हमला, जान से मारने की धमकी का आरोप

मामले में शिकायतकर्ता शहरान पुत्र नवाब अली निवासी बेड़पुर ने 10 अप्रैल 2026 को कोतवाली पिरान कलियर में लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव के आजाद समेत कई लोगों ने एक राय होकर डेरी में घुसकर परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 76/26 में धारा 110, 115(2), 118(2), 191(2), 191(3), 333, 351(2), 351(3), 352 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत गठित हुई पुलिस टीम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। अभियान के तहत लगातार दबिश दी जा रही थी।

इसी क्रम में पुलिस ने 8 मई 2026 को फरार चल रहे आरोपी हयात पुत्र सफी निवासी ग्राम बेड़पुर को बेड़पुर चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

सुराज सेवादल के हस्तक्षेप के बाद पुलिस एक्शन तेज, पीड़ित पक्ष को इंसाफ की उम्मीद

घटना के बाद सुराज सेवादल के हस्तक्षेप और पीड़ित पक्ष की आवाज उठाने के बाद पुलिस कार्रवाई तेज हुई। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार ने इंसाफ की उम्मीद जताई है।

पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह तोमर, कोतवाली पिरान कलियर

कांस्टेबल प्रकाश मनराल

होमगार्ड ललित कुमार

पुलिस का कहना है कि गांव का माहौल खराब करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

★ ★ ★